10 मिनट पहलेलेखक: शैली आचार्य
- कॉपी लिंक

स्टेटिस्टा की वर्ष 2021 की एक सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 30 से 44 वर्ष के लगभग 32% वयस्क गैस, एसिडिटी और अपच की समस्या से परेशान हैं। वृद्धों और वरिष्ठ नागरिकों में यह समस्या ज्यादा है। साथ ही सिडेंटरी लाइफस्टाइल (पूरे दिन एक ही जगह बैठकर काम करना और फिजिकल मूवमेंट न करना) और खराब फूड हैबिट्स के कारण यह समस्या और बढ़ती जा रही है।
पेट में गैस बनना, एसिडिटी और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं इतनी आम हो गई हैं कि हर तीसरा व्यक्ति इससे परेशान है। बारिश और सर्दी के मौसम में यह समस्या और बढ़ जाती है। ऑयली, तला-भुना, तीखा, मसालेदार भोजन खाना, देर रात तक जागना, पानी बहुत कम पीना, गुस्सा और चिंता करना, इनएक्टिव रहना पेट में गैस बनने के मुख्य कारण हैं।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश 2017-18 की एक स्टडी के मुताबिक, पूरी दुनिया में 19% लोग गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याओं से जूझ रहे हैं।
तो आज ‘जरूरत की खबर’ में बात करते हैं पेट में बनने वाली गैस की और गैस से निजात दिलाने वाले कुछ घरेलू नुस्खों की।
एक्सपर्ट- डॉ. संजय कुमार, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, लिवर एंड डाइजेस्टिव सेंटर, भोपाल

सवाल– पेट में गैस क्यों बनती है?
जवाब– सुबह उठने से लेकर रात में सोने तक हम तरह-तरह की चीजें अपने पेट में डालते रहते हैं, जैसे डस्टबिन में कचरा। हमने तो खा लिया, लेकिन उसे पचाने के लिए मेहनत तो हमारे पेट को करनी पड़ती है।
इसका ही परिणाम कई बार कब्ज, गैस, ब्लोटिंग जैसी समस्याओं के रूप में सामने आता है। पाचन के दौरान पेट में हाइड्रोजन, कार्बन डाई ऑक्साइड और मिथेन गैस बनती है, जो गैस या एसिडिटी का कारण बनती है।
अगर पेट में गैस बन रही है तो इसकी मुख्य वजह ये है कि खाना ठीक से पच नहीं रहा है और वह आंतों में ही घूम रहा है।
सवाल– अपच होने और पेट में गैस बनने के लक्षण क्या हैं?
जवाब– इसका सीधा सा जवाब तो ये हो सकता है कि जब हम फार्ट करते हैं तो इसका अर्थ है कि पेट में गैस है। लेकिन कई बार ऐसा नहीं भी होता, लेकिन फिर भी पेट में गैस बन रही होती है।
नीचे ग्राफिक में देखिए कि पेट में गैस बनने के क्या लक्षण हैं-

भोपाल की डाइटिशियन डॉ. अंजू विश्वकर्मा कहती हैं कि पेट में बनने वाली गैस से राहत पाने के लिए लो फैट फूड और हरी सब्जियां-फल आदि डाइट में शामिल करना जरूरी है। तले-मसालेदार खाने को अवॉइड करना चाहिए। देर से पचने वाला खाना जैसे चिकन-मटन, जंक फूड आदि से भी बचना चाहिए। आसानी से पचने वाला फाइबर रिच फूड खाने से वह आसानी से पचेगा, पेट ठीक से साफ होगा और गैस नहीं बनेगी।
सवाल- पेट में गैस क्यों बनती है?
जवाब- पेट में गैस बनने के कई कारण हो सकते हैं। अपच के कारण, गरिष्ठ चीजें खाने के कारण गैस बनती है।
डीटेल नीचे ग्राफिक में देखिए-

सवाल- अगर पेट में गैस बन रही है तो इससे निजात पाने के घरेलू उपाय क्या हैं?
जवाब- कई बार हैवी प्रोटीन और गरिष्ठ चीजें खाने से भी पेट में गैस बन जाती है। अगर गैस निकल रही है तो पेट को उतनी तकलीफ नहीं महसूस होती, लेकिन अगर गैस फंसी हुई है और बाहर नहीं निकल रही तो पेट में दर्द, मरोड़, ऐंठन, पेट का फूलना जैसी प्रॉब्लम्स होती हैं।
ऐसे में कुछ घरेलू उपाय अपनाकर हम इस गैस से निजात पा सकते हैं।
गुनगुना पानी पिएं
गैस से निजात पाने के लिए गुनगुना यानी हल्का गर्म पानी पिएं। इससे गैस पास होगी और राहत मिलेगी। यूरोपियन जर्नल ऑफ फार्मास्यूटिकल एंड मेडिकल रिसर्च के एक अध्ययन के मुताबिक, नियमित रूप से और खासकर सुबह के समय हल्का गुनगुना पानी पीने से पाचन तंत्र सही काम करता है। इससे कब्ज, गैस या अन्य किसी भी समस्या से निजात मिल सकती है।
गुनगुने पानी में नींबू या जीरा डालकर पिएं
गैस होने पर पेट फूलने की समस्या आम होती है। कई बार खट्टी डकारें भी आती हैं। ऐसे में हल्के गर्म पानी में नींबू का रस डालकर पी सकते हैं। या आधे चम्मच जीरे को पानी में उबालकर भी इसे पी सकते हैं। गैस में राहत मिलेगी।
अजवाइन का सेवन करें
अजवाइन हर किचन में पाई जाती है। ये फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और मिनरल्स से भरपूर होने के कारण पौष्टिक होती है। लंबे समय से पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धतियों में इसका उपयोग होता रहा है।
गैस बनने या पेट फूलने पर थोड़ी अजवाइन को सेंधा नमक के साथ मिलाकर चबाएं और फिर हल्का गरम पानी पिएं। गैस में आराम मिलेगा।
सौंफ का सेवन करें
सौंफ में एंटी माइक्रोबियल गुण होते हैं, जो पेट में गैस, जलन, दर्द और पेट फूलने की समस्या को दूर करते हैं। इसके सेवन से भी आपको गैस में राहत मिलेगी।
दही का सेवन करें
दही डायजेस्टिव सिस्टम को ठीक रखने के लिए बहुत फायदेमंद है। यह पाचन में मददगार है। अगर पेट में गैस बन रही है तो दही खाएं। इसे छांस या लस्सी के रूप में भी ले सकते हैं।
काली मिर्च और सूखी अदरक
खाना खाने के एक घंटे बाद 1 चम्मच काली मिर्च पाउडर और 1 चम्मच अदरक पाउडर को आधे गिलास पानी में मिलाकर पी जाएं। अदरक के साथ हींग और सेंधा नमक मिलाकर पीने से भी गैस में राहत मिलती है
केले का सेवन करें
केले में आयरन और पोटैशियम होता है। ये पेट में हो रही जलन और ब्लोटिंग को कम करने में मदद करता है। साथ ही पेट फूलने या गैस की समस्या को भी दूर करता है। इसे सुबह में नाश्ते में लेना सबसे अच्छा है।
रिसर्सगेट में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक, केला आसानी से पचने वाला फल है। इसमें फैट कम होता है और ढेर सारे खनिज और विटामिन होते हैं। पेट के रोग, गठिया, दस्त, बवासीर आदि में केला खाना फायदेमंद होता है।
पेट में गैस न बने, इसके लिए कैसी होनी चाहिए हमारी लाइफ स्टाइल
सबसे अच्छा तरीका तो ये है कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी इतनी हेल्दी, संतुलित और वैज्ञानिक हो कि गैस की समस्या हो ही नहीं। उसके लिए कुछ बातों का ख्याल रखना जरूरी है।
नीचे ग्राफिक में देखिए कि गैस से बचने के लिए किन बातों का ख्याल रखना चाहिए–
