25 मिनट पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल
- कॉपी लिंक

सर्दियों में स्किन और बालों के साथ दांतों से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं। जिन लोगों के दांत सेंसिटिव होते हैं, उन्हें इस मौसम में गर्म या ठंडा खाना मुश्किल हो जाता है। जरा सा ठंडा या गर्म खाते ही दांतों में झनझनाहट के साथ तेज दर्द होने लगता है।
दांतों में दर्द का कारण कैल्शियम की कमी, बैक्टीरियल इन्फेक्शन या दांतों की जड़ों का कमजोर होना हो सकता है। सर्दियों में ये समस्याएं और बढ़ जाती हैं। इसलिए ठंड में दांतों की ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है।
तो चलिए, आज जरूरत की खबर में हम सर्दियों में होने वाली दांतों से जुड़ी समस्याओं के बारे में बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-
- इससे बचने के लिए क्या करें?
- सर्दियों में दांतों का ख्याल कैसे रखें?
एक्सपर्ट: डॉ. पुनीत आहूजा, डेंटिस्ट, श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट, दिल्ली
सवाल- सर्दियों में दांत दर्द की समस्या क्यों बढ़ जाती है?
जवाब- सर्दियों में ठंडी हवा के संपर्क में आने से दांतों की लेयर्स सिकुड़ जाती हैं। ऐसे में उन पर दबाव पड़ने लगता है, जिसकी वजह से सेंसिटिविटी और दांतों में दर्द की समस्या बढ़ सकती है।
सेंसिटिविटी में ठंडा-गर्म के अलावा मीठा या एसिडिक फूड्स खाने से भी दांतों में दर्द होने लगता है। यह दर्द अचानक और तेज होता है, लेकिन अस्थायी होता है। इसके अलावा विटामिन D की कमी से भी दांत दर्द और सेंसिटिविटी बढ़ सकती है।

सवाल- सर्दियों में दांत दर्द के अलावा किस तरह की समस्याएं हो सकती हैं?
जवाब- सर्दियों में विटामिन D की कमी से लोगों की इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है। इसकी वजह से कई तरह के हेल्थ इश्यू का सामना करना पड़ता है। इसमें ओरल हेल्थ से जुड़ी समस्याएं भी शामिल हैं। नीचे दिए ग्राफिक से सर्दियों में होने वाली कॉमन डेंटल प्रॉब्लम्स के बारे में जानिए-

सवाल- सर्दियों में दांतों की सेंसिटिविटी कैसे कम की जा सकती है?
जवाब- दांत दर्द और सेंसिटिविटी को कम करने के लिए अपनी ओरल हेल्थ का खास ख्याल रखना जरूरी है। इसके लिए नीचे दिए कुछ टिप्स अपना सकते हैं।
- सेंसिटिविटी महसूस होने पर मुंह में कुछ देर तक गुनगुना पानी डालकर रखें।
- मीठी और खट्टी चीजें खाने-पीने से बचें। ये दांतों के इनेमल को खराब कर सकती हैं, जिससे सेंसिटिविटी हो सकती है।
- सेंसिटिविटी कम करने वाले टूथपेस्ट का इस्तेमाल करें।
- डॉक्टर की सलाह से किसी माउथवॉश का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
सवाल- सर्दियों में दांतों का ख्याल कैसे रखें?
जवाब- वैसे तो हर मौसम में दांतों का ख्याल रखना जरूरी है। लेकिन सर्दियों में इसका विशेष ख्याल रखने की जरूरत होती है क्योंकि इस मौसम में सेंसिटिविटी की समस्या अधिक होती है। इसके लिए सबसे पहले ओरल हाइजीन मेंटेन रखें। इसके अलावा और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, इसे नीचे ग्राफिक से समझिए-

सवाल- सर्दियों में दांतों को इन्फेक्शन से कैसे बचाएं?
जवाब- सर्दियों में दांतों को इन्फेक्शन से बचाने के लिए नियमित रूप से फ्लॉस करना चाहिए। इसमें एक धागे या किसी साफ ब्रश से दांत के बीच या मसूड़ों में फंसी गंदगी को साफ किया जाता है। नियमित रूप से फ्लॉस करने से दांतों के कीड़े, मसूड़ों की सूजन और सांस की बदबू जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है।
इसके अलावा मसूड़ों तक बैक्टीरिया की पहुंच को रोकने के लिए अपने चेहरे और मुंह को छूने से बचें। इससे दांतों में किसी भी इन्फेक्शन का खतरा भी कम होता है।
सवाल- किस कंडीशन में डॉक्टर के पास जाना चाहिए?
जवाब- अगर दांतों में तेज दर्द, सेंसिटिविटी, दांतों से खून आना, मसूड़ों में सूजन जैसी समस्या हो तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। इसके अलावा दांतों पर सफेद, भूरे या काले रंग के धब्बे होना या सांसों में बदबू आना कैविटी के लक्षण हैं।
इसका मतलब यह है कि आपके दांत सड़ना शुरू हो चुके हैं। इस स्थिति में भी बिना देरी किए डॉक्टर से मिलना चाहिए। आमतौर पर साल में कम-से-कम एक बार दांतों का चेकअप कराएं। इससे ये पता चलेगा कि आपके दांतों की कंडीशन कैसी है।
सवाल- सर्दियों में ओरल हेल्थ दुरुस्त रखने के लिए क्या खाएं क्या न खाएं?
जवाब- ओरल हेल्थ को दुरुस्त रखने के लिए अपनी डाइट को हेल्दी व बैलेंस्ड रखना जरूरी है। इसके लिए क्या खाएं क्या न खाएं, इसे नीचे पॉइंटर्स से समझिए-
- दूध, पनीर, दही और अन्य डेयरी प्रोडक्ट खा सकते हैं। इनमें कैल्शियम और फॉस्फेट जैसे तत्व होते हैं, जो दांतों के इनेमल को फिर से बनाने में मदद करते हैं। इसके अलावा ये मसूड़ों को भी मजबूत बनाते हैं।
- अपनी डाइट में ड्राई फ्रूट्स और हरी पत्तेदार सब्जियां शामिल करें। इनमें विटामिन्स और मिनरल्स का खजाना होता है।
- हर्बल चाय भी पी सकते हैं। इसमें मौजूद पॉलीफेनोल प्लाक बैक्टीरिया से लड़ते हैं।
- मुंह को ड्राई होने से बचाने के लिए पर्याप्त पानी पिएं। ध्यान रहे कि बहुत ज्यादा ठंडा या गर्म पानी न पिएं।
- चीनी या शुगरी ड्रिंक्स दांतों की सड़न का एक बड़ा कारण है। इसे खाने-पीने से बचना चाहिए।
- खट्टे फल और जूस एसिडिक होते हैं। ये दांतों के इनेमल को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
- कैंडी, च्युइंग गम और क्रैकर्स जैसी चीजें दांतों के बीच फंस जाती हैं और प्लाक बनाती हैं। इन्हें खाने से बचें।
- स्मोकिंग और तंबाकू से दूरी बनाकर रखें।
……………………..
जरूरत की ये खबर भी पढ़िए
जरूरत की खबर- सर्दियों में ठंडे रहते हैं हाथ-पैर: क्या यह किसी बीमारी का संकेत, कैसे जानें, डॉक्टर से जानें हर सवाल का जवाब

सर्दियों में हाथ-पैर का ठंडा पड़ना आम बात है। इससे बचने के लिए लोग हाथों में दस्ताने और पैरों में मोजे पहनते हैं। हालांकि कई बार इसके बावजूद कोई असर नहीं होता है और हाथ-पैर बर्फ जैसे ठंडे ही बने रहते हैं। आमतौर पर लोगों को लगता है कि इसका कारण ठंडा वातावरण है, जबकि ऐसा नहीं है। हाथ-पैरों का अधिक ठंडा पड़ना कई गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकता है। पूरी खबर पढ़िए…